इंदिरा मार्केट की समस्याओं पर महापौर ने व्यापारियों से की चर्चा, उतई चौक के पास तय होगी पसरा लगाने की जगह

इंदिरा मार्केट की समस्याओं पर महापौर ने व्यापारियों से की चर्चा, उतई चौक के पास तय होगी पसरा लगाने की जगह


दुर्ग/ नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा मार्केट की व्यवस्थाओं, यातायात व्यवस्था एवं व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर आज नगर निगम के मोतीलाल वोरा सभागार में महापौर अलका बाघमार ने कमिश्नर लीना कोसम एवं सभापति श्याम शर्मा की उपस्थिति में इंदिरा मार्केट के व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में महापौर ने व्यापारियों से बारी-बारी चर्चा करते हुए बाजार की वर्तमान स्थिति, दुकानों की समस्याओं, यातायात व्यवस्था एवं अतिक्रमण सहित अन्य विषयों पर सुझाव लिए।बैठक में इंदिरा मार्केट की कुछ दुकानों के जर्जर होने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान व्यापारियों से कहा गया कि जिन दुकानों में मरम्मत की आवश्यकता है, वे नियमानुसार आवश्यक मरम्मत कार्य अपने स्तर पर स्वयं के व्यय से कराने को लेकर निर्णय लें, ताकि दुकानों की स्थिति बेहतर हो सके और व्यापारियों को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो।महापौर अलका बाघमार ने इंदिरा मार्केट में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए व्यापारियों से सुझाव मांगे। व्यापारियों ने अपने-अपने सुझाव देते हुए बाजार क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से महापौर को अवगत कराया।महापौर ने कहा कि व्यापारियों और निगम प्रशासन के समन्वय से इंदिरा मार्केट की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा तथा बाजार की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा।महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है, ऐसे में इंदिरा मार्केट में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अतिक्रमण विभाग को निर्देश दिए कि इंदिरा मार्केट में सड़क किनारे किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाए। इंदिरा गांधी प्रतिमा के आसपास, मान होटल क्षेत्र, फूल मार्केट के आसपास, गांधी चौक सहित पूरे बाजार क्षेत्र में पसरा लगाकर व्यवसाय करने वालों तथा दुकानों का सामान सड़क और आवागमन क्षेत्र में बाहर निकालकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।महापौर ने विशेष रूप से इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास पसरा लगाने वाले व्यापारियों की व्यवस्था को लेकर बाजार विभाग को निर्देशित किया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए उन्हें नगर निगम के सामने उतई चौक के समीप उपलब्ध रिक्त स्थान पर व्यवस्थित रूप से स्थान दिया जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में आवागमन बाधित न हो और व्यापारियों को भी व्यवसाय करने के लिए उचित स्थान मिल सके।महापौर अलका बाघमार ने व्यापारियों से स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यापारी अपने दुकान का कचरा डस्टबिन में रखें। कचरा एकत्रित होने पर उसे नगर निगम की कचरा संग्रहण गाड़ी को ही सौंपें। उन्होंने कहा कि बाजार को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखना निगम प्रशासन के साथ-साथ व्यापारियों और आम नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।बैठक में एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर, शेखर चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, काशीराम कोसरे,नीलेश अग्रवाल, हर्षिका संभव जैन, शशि साहू, लीलाधर पाल, रंजीता पाटिल, जितेंद्र महोविया, खालिक रिजवी, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, कार्यपालन अभियंता मोहम्मद सिद्दीकी,राजस्व अधिकारी आरके बोरकर, स्वस्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता,अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर,बाज़ार अधिकारी अभ्युदय मिश्रा सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में इंदिरा मार्केट के व्यापारीगण उपस्थित रहे।