बालोद एसिड अटैक: आरोपियों का मुंडन, पैदल कोर्ट तक ले गई पुलिस; भीड़ ने की फांसी की मांग
बालोद/22 वर्षीय युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया। आरोपियों को दल्लीराजहरा चौक से कोर्ट तक पैदल ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और छात्र-छात्राएं मौके पर जुट गए और आरोपियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।न्यायालय में पेशी से पहले पुलिस ने दोनों आरोपियों का मुंडन कराया। इसके बाद सुरक्षा घेरे में उन्हें पैदल न्यायालय परिसर तक ले जाया गया। घड़ी चौक के पास पहुंचते ही वहां मौजूद भीड़ में आक्रोश देखने को मिला। छात्रों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
कोर्ट परिसर में तैनात रहा भारी पुलिस बल
आरोपियों की पेशी को देखते हुए न्यायालय परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए दोनों आरोपियों को सुरक्षित तरीके से कोर्ट के भीतर पहुंचाया।न्यायालय में पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हेलमेट पहनाकर कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जेल दाखिल कराने के लिए ले जाया गया। पुलिस को आशंका थी कि आक्रोशित भीड़ आरोपियों के साथ मारपीट या हमला करने की कोशिश कर सकती है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी रखी गई।
पुलिसकर्मी की बेटी पर हुआ था एसिड अटैक
गौरतलब है कि सोमवार को बालोद शहर में एक पुलिसकर्मी की 22 वर्षीय बेटी पर एसिड अटैक की वारदात हुई थी। युवती पढ़ाई के बाद लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, इसी दौरान उस पर एसिड फेंक दिया गया।घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे युवती से जुड़े कथित प्रेम प्रसंग और साजिश का एंगल सामने आया है। मामले में पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।