गुप्त चेंबर वाले पिकअप से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद, दो व्यक्ति मिले खुर्सीपार पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान की कार्रवाई, नकदी के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य की जांच जारी

गुप्त चेंबर वाले पिकअप से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद, दो व्यक्ति मिले खुर्सीपार पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान की कार्रवाई, नकदी के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य की जांच जारी

दुर्ग/दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बोलेरो मैक्स पिकअप के पिछले हिस्से को मॉडिफाई कर उसमें विशेष गुप्त चेंबर बनाया गया था, जिसमें नकदी छिपाकर रखी गई थी। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। बरामद रकम के वित्तीय स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 से भारी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डबरापारा, थाना खुर्सीपार क्षेत्र में रात करीब 11 बजे वाहन को रोककर जांच की। इस दौरान वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया हुआ मिला। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे बताया।
पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी ली तो मॉडिफाई किए गए पिछले हिस्से में एक विशेष गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी की कुल राशि 4 करोड़ रुपये है।
फिलहाल पुलिस दोनों व्यक्तियों से बरामद रकम के स्रोत, स्वामित्व और उसे ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, रकम के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेजी जा रही है।