दुर्ग में मतपेटी चोरी का खुलासा, चोरी करने वाला युवक और खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार

दुर्ग में मतपेटी चोरी का खुलासा, चोरी करने वाला युवक और खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार

दुर्ग/स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के मतपेटी गोदाम से 10 मतपेटियां चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी और चोरी की मतपेटियां खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मिलपारा निवासी युशु यादव (22 वर्ष) और गयानगर निवासी देवानंद सोनी (65 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 मतपेटियां, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा और 200 रुपये नकद जप्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को राजू सारथी ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चुनाव कार्य की तैयारी के लिए ड्यूटी के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के चौकीदार ने सूचना दी कि एक व्यक्ति पेटी लेकर जा रहा है। बाहर जाकर देखने पर संबंधित व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के मतपेटी गोदाम की जांच की गई, जहां से 10 मतपेटियां गायब मिलीं। चोरी गई मतपेटियों की कुल कीमत 10 हजार रुपये बताई गई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 602/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2) और 305(e) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान युशु यादव के घटना में शामिल होने की सूचना मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 07 CR 0648, जिसकी कीमत 70 हजार रुपये है, और 200 रुपये नकद जप्त किए गए।
पूछताछ में युशु यादव ने बताया कि चोरी की गई मतपेटियां उसने गयानगर निवासी कबाड़ी देवानंद सोनी को बेची थीं। इसके बाद पुलिस ने देवानंद सोनी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी की मतपेटियां खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से 6 मतपेटियां, जिनकी कीमत 6 हजार रुपये है, बरामद कर जप्त की गईं।
पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।