श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति की नई कार्यकारिणी घोषित, आदित्य शर्मा अध्यक्ष और सुमीत रुंगटा बने कार्यकारी अध्यक्ष
दुर्ग/ श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति द्वारा शारदेय नवरात्र पर्व के समापन के पश्चात प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार शरद पूर्णिमा उत्सव का आयोजन रुंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज, जुनवानी में किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने वर्ष 2026 में आयोजित नवरात्र पर्व एवं विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। साथ ही आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। बैठक में समिति की परंपरा के अनुरूप आगामी दो वर्ष 2027-2028 के लिए नवीन पदाधिकारियों का चयन भी किया गया।समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से आदित्य शर्मा को अध्यक्ष, सुमीत रुंगटा को कार्यकारी अध्यक्ष, सौरभ पंड्या को महासचिव तथा हर्षद पारख को कोषाध्यक्ष चुना। वहीं, समिति के संरक्षक संजय रुंगटा ने संरक्षक पद के लिए नवल किशोर अग्रवाल एवं रवि पिडिआर के नामों का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से स्वीकार कर लिया।इस अवसर पर समिति के संरक्षक संतोष रुंगटा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। बैठक का संचालन मनोज शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन समिति के संरक्षक किशोर जैन ने किया।
समिति के सदस्यों ने आगामी कार्यकाल में भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा नवरात्र उत्सव सहित अन्य आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपेक्षा व्यक्त की।