जशपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: 4 साल के मासूम की हत्या, अंग निकालकर ऑनलाइन बेचने की थी कथित योजना
जशपुर/छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 27 वर्षीय एक युवक पर अपने ही ममेरे भाई के चार साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या करने और उसके शरीर के अंग निकालने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर जल्दी पैसा कमाने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर ऑनलाइन बेचने का खौफनाक विचार आया। आरोप है कि इसी सनक में उसने मासूम की हत्या कर दी और उसके गुर्दे, फेफड़े तथा आंखें निकाल लीं। पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू को गिरफ्तार कर लिया है।मृतक बच्चे की पहचान जितेंद्र राम के रूप में हुई है। उसका शव लोधेनापाठ महुआ गांव में मक्के के खेत के पास पानी से भरे एक गड्ढे में बोरे के अंदर मिला। शव को कंबल और रजाई में लपेटकर बोरे में भरा गया था और ऊपर से मिट्टी डालकर छिपाने की कोशिश की गई थी। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
5 नवंबर से लापता था मासूम
पुलिस के अनुसार, बच्चे के पिता रामजीत राम (36) ने शनिवार को सन्ना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका चार साल का बेटा जितेंद्र राम 5 नवंबर से लापता है। रामजीत करीब एक साल पहले रोजगार की तलाश में अपने परिवार के साथ सन्ना गांव आकर रहने लगे थे। परिवार आमाटचुआ नदी बांध के पास एक झोपड़ी में रहता था। आरोपी बासुदेव शिकायतकर्ता का ममेरा भाई है और उसका परिवार के घर आना-जाना था। शनिवार को परिजन और ग्रामीण बच्चे की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान पिता की नजर मक्के के खेत के पास पानी से भरे एक गड्ढे में पड़े बोरे पर पड़ी। जब उसे बाहर निकालकर देखा गया तो उसमें बच्चे का शव मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
कमाई से संतुष्ट नहीं था आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर पास के चलनी गोर्रापाठ गांव निवासी बासुदेव उर्फ टंगनू (27) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी दिहाड़ी मजदूरी करता था, लेकिन अपनी कमाई से संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसी लालच में वह सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था।
सोशल मीडिया से मिला अंग बेचने का खौफनाक विचार
एसएसपी के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि सोशल मीडिया पर जानकारी तलाशते हुए उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। इसी कथित योजना को अंजाम देने के लिए उसने 5 नवंबर को मासूम जितेंद्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रास्ते में शराब और चिकन खरीदा। उसने कथित तौर पर बच्चे को भी शराब पिलाई। बच्चे के नशे में होने और सो जाने के बाद आरोपी ने चाकू से उसका गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने बच्चे के शरीर को चीरकर गुर्दे, फेफड़े और आंखें निकाल लीं।
बाल्टी में रखे थे निकाले गए अंग
पुलिस अधिकारी के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने निकाले गए अंगों को एक प्लास्टिक की बाल्टी में रखा था। वहीं, बच्चे के शव को कंबल और रजाई में लपेटकर बोरे में भरा और मक्के के खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद उसने शव को मिट्टी से ढककर छिपाने की कोशिश की। आरोपी के खुलासे के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल हथियार, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और अन्य संबंधित सामान बरामद किया है।
ऑनलाइन बिक्री के दावे की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मकसद शरीर के अंगों को ऑनलाइन बेचकर मोटी रकम कमाना था। हालांकि, अंगों की ऑनलाइन बिक्री के लिए किसी खरीदार, नेटवर्क या लेन-देन की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने किसी व्यक्ति या समूह से संपर्क किया था या नहीं और इस कथित योजना के पीछे कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। चार साल के मासूम के साथ हुई इस बर्बरता ने पूरे जशपुर जिले को झकझोर कर रख दिया है। जिस रिश्तेदार पर परिवार भरोसा करता था, उसी पर मासूम की हत्या का आरोप लगना इस घटना को और भी भयावह बना रहा है।