शुक्रवार देर शाम IPS तबादले, राजनांदगांव, सक्ती, मनेंद्रगढ़ और कोंडागांव को मिले नए SP
छत्तीसगढ़ शासन ने शुक्रवार देर शाम पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग ने 4 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) समेत 7 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता ने ट्रांसफर ऑर्डर जारी किया है।आदेश के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग को राजनांदगांव से DIG पुलिस मुख्यालय (मुख्यालय अटैच) किया गया है। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के एसपी IPS चंद्रमोहन सिंह को दमकल-नगर सेना का डायरेक्टर बनाया गया है।
अंकिता शर्मा को अब राजनांदगांव की जिम्मेदारी
इसी तरह से सक्ती जिले की SP अंकिता शर्मा को राजनांदगांव का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं रतना सिंह को मनेंद्रगढ़ जिले का SP नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रफुल्ल ठाकुर को सक्ती जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।पंकज चंद्रा अब कोंडागांव जिले के नए SP होंगे। गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी तुरंत पदभार ग्रहण करें और इसकी सूचना विभाग को भेजें।इससे पहले 30 सितंबर को छत्तीसगढ़ में नए मुख्य सचिव विकास शील के पदभार ग्रहण करते ही 14 IAS अफसरों के विभागीय प्रभार में फेरबदल किया गया था। जितेंद्र यादव राजनांदगांव कलेक्टर बनाए गए। वहीं पी.दयानंद जनसंपर्क विभाग से बाहर हो गए। उनकी जगह पर डॉ रोहित यादव की एंट्री हुई।जारी आदेश के मुताबिक कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई। वहीं कुछ अधिकारियों को उनके मौजूदा प्रभारों से मुक्त भी किया गया।