CID बनकर घूम रहा था शातिर ठग, टोल टैक्स बचाने के लिए रची ऐसी साजिश कि पुलिस भी रह गई दंग

CID बनकर घूम रहा था शातिर ठग, टोल टैक्स बचाने के लिए रची ऐसी साजिश कि पुलिस भी रह गई दंग

धमतरी/छत्तीसगढ़ के धमतरी ज़िले में खुद को CID अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक शातिर ठग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। फर्जी आईडी कार्ड, लग्जरी स्कॉर्पियो पर “नेशनल क्राइम कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन” के बड़े-बड़े बोर्ड और खुद को छत्तीसगढ़ का ‘वाइस प्रेसिडेंट’ बताने वाला यह आरोपी कानून को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर नरेटी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास एक फर्जी आईडी कार्ड के साथ-साथ महिंद्रा स्कॉर्पियो, आईफोन 11 प्रो और कई मोबाइल सिम जब्त किए हैं

फ़र्ज़ी ID कार्ड पर लिखा था Crime Investigation Department

मिली जानकारी के अनुसार , घटना 21 फरवरी की है, जब पुलिस को आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो के खड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब चालक से पूछताछ की, तो उसने खुद को ‘नेशनल ऑफिसर’ बताया और दो आईडी कार्ड दिखाए, जिस पर ‘Crime Investigation Department’ (CID) लिखा था। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी कोई भी वैध नियुक्ति पत्र या प्रशिक्षण प्रमाण पत्र पेश नहीं कर सका। आरोपी ने कबूल किया कि उसने सितंबर 2025 में ऑनलाइन माध्यम से ये फर्जी कार्ड बनवाए थे और इनका इस्तेमाल टोल टैक्स बचाने तथा लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आईडी कार्ड के साथ-साथ महिंद्रा स्कॉर्पियो, आईफोन 11 प्रो और कई मोबाइल सिम जब्त किए हैं।आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली में जालसाजी का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इस फर्जी पहचान का उपयोग कर किसी बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध अधिकारी पर संदेह होने पर तुरंत सूचना दें।