“संकल्प” बजट: औद्योगिक सब्सिडी और मुख्यमंत्री एआई मिशन से विकास को मिलेगी नई गति 

“संकल्प” बजट: औद्योगिक सब्सिडी और मुख्यमंत्री एआई मिशन से विकास को मिलेगी नई गति 

भिलाई नगर/ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 का “संकल्प” थीम वाला बजट व्यापार और उद्योग जगत के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ है। इस बजट को छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन और भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्तमंत्री ओपी चौधरी को धन्यवाद दिया है। 

प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि उद्योग विभाग का बजट 1750 करोड़ कर दिया गया है, जो व्यापारियों और उद्यमियों के लिए अभूतपूर्व अवसर है। उन्होंने बताया कि 23 नए इंडस्ट्रियल हब की स्थापना, 750 करोड़ की औद्योगिक सब्सिडी और भिलाई में 10 करोड़ की लागत से व्यावसायिक परिसर का निर्माण प्रदेश को औद्योगिक दृष्टि से नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्टार्टअप और निपुण मिशन तथा मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 100-100 करोड़ का प्रावधान युवाओं को तकनीकी और उद्यमिता के क्षेत्र में नई दिशा देगा। यह बजट व्यापार, तकनीक और औद्योगिक विकास का संतुलित रोडमैप है। भसीन ने यह भी कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ब्याज मुक्त कर्ज, कृषक उन्नति योजना और कृषि पंपों के लिए बड़े प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेंगे। उन्होंने इसे व्यापारियों और किसानों दोनों के लिए लाभकारी बजट बताया।  

भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने कहा कि यह बजट उद्योग और तकनीक के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन से युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर मिलेंगे, वहीं महिलाओं के लिए महतारी सदन और बालिकाओं को आर्थिक सहयोग जैसी घोषणाएँ सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेंगी। श्री मिश्र ने कहा कि औद्योगिक कॉम्प्लेक्स, व्यावसायिक परिसर और इंडस्ट्रियल हब प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे। उन्होंने इसे व्यापारियों के लिए भरोसेमंद और भविष्यदर्शी बजट बताया।