दुर्ग शहर जिला कांग्रेस महामंत्री निकिता मिलिंद का साय सरकार पर हमला, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
निकिता मिलिंद

दुर्ग/दुर्ग शहर जिला कांग्रेस की नवनियुक्त महामंत्री निकिता मिलिंद ने छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो चुकी हैं और आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
निकिता मिलिंद ने तंज कसते हुए कहा कि “अफीम के काले कारोबार से फुर्सत मिल जाए तो साय सरकार ज़रा स्वास्थ्य व्यवस्था की तरफ भी ध्यान दे।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल भाषणों तक सीमित है, जबकि जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की ‘डायल 108’ सेवा सिर्फ भाषणों में ही दौड़ती नजर आती है, जबकि वास्तविकता यह है कि गरियाबंद में मरीजों को 15 किलोमीटर तक खाट पर ढोकर ले जाना पड़ रहा है। यह स्थिति प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है।
कांग्रेस नेता ने इसे “डबल इंजन सरकार की सच्चाई” बताते हुए कहा कि जनता के जीवन से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।