तरबूज की आड़ में अफीम! निकिता मिलिंद बोलीं—कौन दे रहा संरक्षण?
निकिता मिलिंद

दुर्ग/दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त महामंत्री निकिता मिलिंद ने प्रेस बयान जारी करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले के तमनार (आमाघाट) में अफीम की खेती का खुलासा होना बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने बताया कि जिस जमीन पर तरबूज और ककड़ी की खेती का दावा किया गया, वहां अफीम की फसल पाई गई। यह मामला प्रशासनिक लापरवाही के साथ-साथ बड़े स्तर पर मिलीभगत की ओर भी इशारा करता है।
निकिता मिलिंद ने सवाल उठाया कि क्या अफीम की खेती रातों-रात हो सकती है? क्या स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं थी? उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चूक नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और प्रभावशाली लोगों के संरक्षण का संकेत देता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में छत्तीसगढ़ धीरे-धीरे नशे का गढ़ बनता जा रहा है और कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि प्रदेश के भविष्य को नशे में झोंकने वाले दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।