डीपीएस रिसाली के छात्र प्रशांत कुमार को इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड में बड़ी सफलता

डीपीएस रिसाली के छात्र प्रशांत कुमार को इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड में बड़ी सफलता

भिलाई। डीपीएस रिसाली के सातवीं कक्षा के छात्र प्रशांत कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। प्रशांत ने लगातार चौथी वर्ष इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड लेवल-2 एग्जाम (आईएमओ) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल विद्यालय स्तर पर बल्कि पूरे भिलाई शहर का मान बढ़ाया है।
प्रशांत ने जोनल स्तर पर 14वीं रैंक और अंतर्राष्ट्रीय/विश्व स्तरीय 1950 वीं रैंक हासिल किया है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें लगातार चौथे वर्ष लेवल-1 के परीक्षा में गोल्ड मेडल ऑफ एक्सीलेंस और लेवल-2 के एडवांस( मेन्स) परीक्षा में क्षेत्रीय उत्कृष्टता का प्रमाण पत्र देने की घोषणा की गई है। प्रशांत के पिता शिवकांत झा वर्तमान में सीआईएसएफ मध्य खंड मुख्यालय भिलाई में अधीनस्थ अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, वही माता कल्पना झा कुशल गृहिणी हैं। झा परिवार मूलतः बिहार के मधुबनी जिला अंतर्गत ग्राम राजनगर सिमरी  निवासी है।  प्रशांत की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन और सार्थक प्रयास का बड़ा हाथ है। प्रशांत का कहना है कि भिलाई आने के बाद उन्हें विद्यालय के शिक्षक/प्राचार्य और सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से जो प्रेरणा और मार्गदर्शन मिला, उसने उन्हें हमेशा बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। प्रशांत ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय प्राचार्य, शिक्षकों और सीआईएसएफ के अधिकारियों को दिया है, जिसके मार्गदर्शन में वह यह मुकाम लगातार हासिल कर रहा है। विदित हो कि प्रशांत का इस वर्ष का अगला लक्ष्य आईओक्यूएम परीक्षा है, जिसके माध्यम से वह अपना स्थान महत्वपूर्ण आईआईटी में सुरक्षित करना चाहता है। उसके बाद आगे की योजना बनेगी। यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि प्रशांत के इस सफलता पर भिलाई के कई कोचिंग संस्थानों ने उसे अगले वर्ष 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप देने की घोषणा की है।