सब्जियों की आड़ में अफीम की खेती! रायगढ़ में लगातार बढ़ रहे अवैध कारोबार के मामले
रायगढ़/ जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम घटगांव में सब्जियों की बाड़ी के बीच छिपाकर अफीम की अवैध खेती किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच प्रारंभ की, जिसमें पाया गया कि अफीम की खेती को अत्यंत चालाकीपूर्वक अन्य फसलों के बीच छिपाया गया था, जिससे सामान्य तौर पर किसी को संदेह न हो। पुलिस द्वारा अवैध रूप से उगाई गई फसल को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले 17 दिनों के भीतर प्रदेश में अवैध अफीम की खेती का यह पांचवां मामला सामने आया है, जबकि रायगढ़ जिले में ही दो दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे स्पष्ट है कि अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों में संलिप्त तत्व सक्रिय हैं।
पूर्व में तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में भी इसी प्रकार का मामला सामने आया था, जिसमें जांच के दौरान यह तथ्य उजागर हुआ था कि एक बाहरी व्यक्ति द्वारा खेती के नाम पर भूमि लेकर अफीम की अवैध खेती की जा रही थी।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को इस पूरे प्रकरण में किसी संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है। इस दिशा में विस्तृत जांच जारी है तथा संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अवैध कार्यों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।