रिसाली में BJP पार्षदों का तंज भरा प्रदर्शन, भैंसों के सामने बीन बजाकर “शहर सरकार” को जगाया

रिसाली में BJP पार्षदों का तंज भरा प्रदर्शन, भैंसों के सामने बीन बजाकर “शहर सरकार” को जगाया

भिलाई/नगर पालिका निगम रिसाली में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने अनोखे अंदाज में धरना-प्रदर्शन कर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। पार्षदों ने “महापौर” और “सभापति” नामक दो भैंसों के सामने बीन एवं नगाड़ा बजाकर शहर सरकार को जगाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि रिसाली की शहर सरकार विकास कार्यों को लेकर गंभीर नहीं है तथा जनता की मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि यह प्रदर्शन सोई हुई व्यवस्था को जगाने के लिए किया गया है।
भाजपा पार्षदों ने महापौर पर वर्ष 2026-27 का बजट समय पर प्रस्तुत नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर की जनता विकास कार्यों की अपेक्षा कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
पार्षदों ने निगम प्रशासन पर कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि शहर में सड़कों, सफाई, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है, जबकि प्रशासन इन मुद्दों से ध्यान भटकाए हुए है।
पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बजट प्रस्तुत कर विकास कार्य प्रारंभ नहीं किए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान धर्मेन्द्र भगत, मनीष यादव, विधि यादव, माया यादव, रमा साहू, शैलेन्द्र साहू, ममता सिन्हा, गजेन्द्री कोठारी, शिल्पा नारखेड़े, सीमा साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।