IT पार्क से सिविल लाइन तक निरीक्षण: आयुक्त सुमित अग्रवाल के सख्त तेवर, तय समय में काम पूरा करने के निर्देश
दुर्ग / नगर पालिक निगम।नगर पालिक निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल द्वारा सोमवार सुबह 08 बजे शहर के विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने आईटी पार्क, नालंदा परिसर एवं सिविल लाइन क्षेत्र में चल रहे पेवर ब्लॉक कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।आयुक्त ने सभी स्थलों पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
आईटी पार्क के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
आईटी पार्क का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने शेष बचे कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देशित किया कि 15 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण कर आईआईटी भिलाई को हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।
नालंदा परिसर में कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश
नालंदा परिसर निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए, जिससे परियोजना का लाभ आम नागरिकों को शीघ्र मिल सके।
सिविल लाइन में पेवर ब्लॉक कार्य पर जताई नाराजगी
सिविल लाइन क्षेत्र में चल रहे पेवर ब्लॉक कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कार्य की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, गुणवत्ता में सुधार करते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जनहित में कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि नगर विकास से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता एवं समय-सीमा का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।