दुर्ग जिले को मिले 35 ERV और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन, डायल-112 सेवा अपग्रेड

दुर्ग जिले को मिले 35 ERV और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन, डायल-112 सेवा अपग्रेड

भिलाई/ नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा डायल-112 सेवा को आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों से सुसज्जित “फेज-2 नेक्स्ट जेन” स्वरूप में विकसित किया गया है। इसी क्रम में दुर्ग जिले के पुलिस विभाग को 35 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) एवं 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन प्राप्त हुए हैं, जिनका शुभारंभ बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया।कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने नवीन डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन नागरिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं तकनीक आधारित बना रहा है। नई ERV एवं हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों से सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना संभव होगा।
विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर ने कहा कि डायल-112 सेवा आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद सहायता प्रणाली बन चुकी है। आधुनिक तकनीक से लैस नए वाहनों के शामिल होने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पुलिस सहायता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम के दौरान आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन डायल-112 वाहनों का प्रदर्शन भी किया गया। अधिकारियों ने हाईवे पेट्रोलिंग, त्वरित रिस्पॉन्स प्रणाली एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया को दी।
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज ने कहा कि डायल-112 फेज-2 परियोजना पुलिसिंग व्यवस्था को तकनीकी रूप से सक्षम एवं त्वरित प्रतिक्रिया आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नई नियंत्रण एवं संचार प्रणाली से घटनास्थल तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि जिले को प्राप्त 35 ERV एवं 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों में संचालित किए जाएंगे। इन वाहनों में GPS, PTZ कैमरा, डैश कैमरा एवं मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे प्रतिक्रिया समय एवं सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, महापौर नीरज पाल, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर ने किया।