धरती माँ का कर्ज उतारें, एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनाएं : विधायक ललित चन्द्राकर

धरती माँ का कर्ज उतारें, एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनाएं : विधायक ललित चन्द्राकर

दुर्ग /विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रुआबांधा स्थित वार्ड क्रमांक-05 के सार्वजनिक परिसर में भारतीय जनता पार्टी रिसाली मंडल द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चन्द्राकर मुख्य रूप से शामिल हुए और कार्यकर्ताओं के साथ गुलमोहर एवं नीम के पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। यह अभियान हमें अपनी जन्मदात्री माँ और धरती माँ दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक है उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना। केवल पौधारोपण कर फोटो खिंचवा लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना ही सच्चा पर्यावरण धर्म है। पांच वर्ष बाद वही पौधा एक विशाल वृक्ष बनकर छाया, शुद्ध वायु और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देता है।
विधायक चन्द्राकर ने रिसाली क्षेत्र के प्रत्येक परिवार से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, गृह प्रवेश तथा बच्चों के जन्म जैसे शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार एक-एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करे तो आने वाले वर्षों में क्षेत्र का पर्यावरण और अधिक संतुलित होगा तथा तापमान में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नीम शुद्ध वायु प्रदान करता है, जबकि गुलमोहर अपनी छाया और सौंदर्य से पर्यावरण को समृद्ध बनाता है। राज्य सरकार हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शकुंतला दास, महामंत्री संध्या मंडलोई, समाजसेवी सोनू राम सिंग, पार्षद रमा साहू, सीमा साहू, सारिका साहू, धर्मेन्द्र भगत, माया यादव, शैलेन्द्र साहू, सविता धवज, कंचन सिंह, शिला नारखेड़े, अजीत चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रुपेश यादव, कमलेश हिरवानी, संस्कृति शर्मा, स्वेता यादव, विकास कुलश्रेष्ठ, अंचल यादव, सचिन गोस्वामी, राजेश्वरी पसीने, अनुपमा गोस्वामी, अविनाश शर्मा, बूथ अध्यक्ष अजय चौधरी, श्याम सुंदर, मुकेश पाण्डेय, प्रेमचंद साहू, रंग बहादुर, संजय शर्मा, रणविजय सिंह, राजकुमार जैन, परिनीति शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।