छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का मौका, सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू
रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल पदों में से 795 पद ई-संवर्ग की शालाओं तथा 1497 पद टी-संवर्ग की शालाओं में भरे जाएंगे। इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक अर्हता, आयु सीमा एवं अन्य शर्तें विस्तृत विज्ञापन में दी जाएंगी।
लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक अशोक नारायण बंजारा ने बताया कि विस्तृत विज्ञापन छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in/� एवं स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/� पर जारी किया जाएगा। साथ ही भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम भी व्यापम की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा किया जाएगा, जिसकी संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन की तिथि संबंधी जानकारी व्यापम द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप व्याख्याता एवं शिक्षक के पदों पर भर्ती के लिए भी पृथक से विज्ञापन जारी किए जाएंगे।