घरेलू विवाद ने ली जान: पत्नी ने सिलबट्टे से किया पति पर वार

घरेलू विवाद ने ली जान: पत्नी ने सिलबट्टे से किया पति पर वार

भिलाई/ छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा, वार्ड क्रमांक 35 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया और एक व्यक्ति की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान डोमन साहू (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। बीती रात उनकी पत्नी हीरामणी साहू (उम्र लगभग 35 वर्ष) ने घरेलू विवाद के दौरान गुस्से में आकर उन पर सिलबट्टे से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के दो बच्चे हैं और घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन विवादों का असर बच्चों पर भी पड़ रहा था और मोहल्ले के लोग भी इससे परेशान थे।
जानकारी के मुताबिक, 19 अप्रैल को पत्नी ने अपने पति के खिलाफ जामुल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वह शाम को घर लौटा, जहां शिकायत को लेकर पुनः विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पत्नी ने सिलबट्टे से पति के सिर पर वार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई उपरांत शव को पोस्टमार्टम हेतु सुपेला अस्पताल भेजा गया।
पड़ोसियों के अनुसार, मृतक अक्सर शराब के नशे में विवाद करता था तथा परिवार के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आती रही हैं, जिससे पत्नी पहले से ही मानसिक रूप से परेशान थी और पूर्व में भी शिकायत कर चुकी थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।