दक्षिण गंगोत्री में एवन इलेक्ट्रॉनिक्स में लगी आग, बड़ा हादसा टला

दक्षिण गंगोत्री में एवन इलेक्ट्रॉनिक्स में लगी आग, बड़ा हादसा टला

भिलाई। सुपेला स्थित दक्षिण गंगोत्री इलाके में बुधवार दोपहर एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, एवन इलेक्ट्रॉनिक्स के चौथे माले से करीब 3:15 बजे आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जब टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब तक आग तेजी से फैल रही थी और पूरा फ्लोर धुएं से भर चुका था। इसके बावजूद अग्निशमन कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए अंदर प्रवेश किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।दमकल टीम की सतर्कता के चलते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है। इस ऑपरेशन में अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रभारी प्रवीण बारा, स्टेशन प्रभारी संतोष पाण्डेय और टीम प्रभारी महेन चंदेल व केशव यादव सहित अन्य कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई।