भिलाई: पेट्रोल डालकर युवक ने की आग लगाने की कोशिश, पुलिस जांच में जुटी
भिलाई। भिलाई के नेहरू नगर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने बीच सड़क खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश कर दी। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोग हैरान रह गए।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर गार्डन के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 24 वर्षीय युवक ने अचानक खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगा ली। घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में होने के कारण आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। युवक की पहचान सूरज के रूप में हुई है।
डॉक्टरों के अनुसार युवक 50 फीसदी से ज्यादा झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है। युवक ने ऐसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आ पाया है। पुलिस परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
सुपेला पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।