आकाशवाणी के 90 साल पूरे होने पर वॉकाथॉन आज सुबह राजधानी रायपुर में, दुर्ग भिलाई से भी रहेगी भागीदारी

भिलाई। ऑल इंडिया रेडियो/आकाशवाणी के गौरवशाली 90 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस यादगार सफर की स्मृति में आकाशवाणी रायपुर द्वारा वॉकाथॉन का आयोजन 15 मई को किया गया है। इस वाकाथॉन में दुर्ग-भिलाई के भी रेडियो श्रोता शामिल होंगे।
इस आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए आकाशवाणी रायपुर उपमहानिदेशक (अभियांत्रिकी) एवं कलस्टर प्रमुख (छत्तीसगढ़) वी. राजेश्वर ने बताया कि आकाशवाणी ने लोक सेवा प्रसारक के रूप में पिछले 90 वर्षो में अभूतपूर्व कार्य किया है। सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के माध्यम से आकाशवाणी ने अपने ध्येय " बहुजन हिताय - बहुजन सुखाय" की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास किया है इस स्वर्णिम युग की याद में आकाशवाणी रायपुर द्वारा 15 मई को एक वॉकाथॉन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आकाशवाणी स्टाफ के अलावा, सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी- गण, आकस्मिक उद्घोषक, समाचार वाचक, आउटसोर्स कर्मचारी एवं शहर के गणमान्य नागरिक तथा आकाशवाणी के श्रोता हिस्सा लेंगे। इसकी शुरूआत सुबह 07 बजे आकाशवाणी रायपुर सिविल लाईन्स से होगी ये पैदल मार्च आकाशवाणी से डॉ. आम्बेडकर चौक, घड़ी चौक मार्ग, मोती बाग मार्ग, सुभाष स्टेडियम मार्ग, ओ.सी.एम. चौक, मां काली माई मंदिर मार्ग से होते हुए पुनः आकाशवाणी रायपुर पहुंचेगा। जहां एक मंचीय गोष्ठी का आयोजन किया गया है। जिसमें प्रमुख वक्तागण जन चेतना के विकास में आकाशवाणी की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करेगें, सुबह 09 बजे इस कार्यक्रम का समापन होगा। आम जन इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।