कुम्हारी टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान आरक्षक को कुचलने की कोशिश, नागपुर के दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग/ कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार चालक द्वारा आरक्षक को कुचलने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने नागपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार 15 मई को यातायात पुलिस द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12:40 बजे रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही कार क्रमांक MH 02 AY 3475 तेज रफ्तार में दिखाई दी। वाहन में ब्लैक फिल्म लगी हुई थी।
ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रमेश चंद्राकर ने कार चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन की गति और बढ़ाते हुए आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया। खुद को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई और वह वाहन के सामने गिर गया। बताया गया कि आरोपी वाहन को आरक्षक के सिर के ऊपर चढ़ाने की कोशिश भी कर रहे थे, लेकिन सतर्कता के चलते आरक्षक ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद चेकिंग में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा किया और सिरसा गेट के पास वाहन को घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार में दो युवक और दो युवतियां मौजूद थीं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रमजान निवासी न्यू नेहरू नगर नागपुर तथा जाकिर मोहम्मद निवासी बड़ा ताजबाग सक्करदारा नागपुर बताया।
थाना कुम्हारी में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत धारा 109(1), 221, 3(5) बीएनएस एवं धारा 184, 100 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि वाहन में मौजूद युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान लिए जा रहे हैं और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।