दुर्ग :वाहन टक्कर के बाद मारपीट का मामला, केलाबाड़ी निवासी युवक घायल, पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
दुर्ग/थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत विशाल मेगा मार्ट के सामने वाहन टक्कर के बाद हुए विवाद में मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 की रात लगभग 11:30 बजे प्रार्थी अपने मित्र के साथ मोटरसाइकिल से होटल में भोजन कर घर लौट रहा था। इसी दौरान विशाल मेगा मार्ट के सामने आरोपी लोकेश्वर साहू ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए प्रार्थी की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन चालक सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी लोकेश्वर साहू, अंकित परगनिहा, ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन तथा एक विधि से संघर्षरत बालक ने एक राय होकर प्रार्थी व उसके साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे एवं पत्थरों से हमला कर मारपीट की। हमले में प्रार्थी के सिर, आंख और कंधे में चोटें आई हैं।
बताया गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान केलाबाड़ी निवासी शकील खान के सिर में गंभीर चोट आई, जिनका उपचार जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही थाना पद्मनाभपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 279/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 109 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित परगनिहा निवासी कसारीडीह वार्ड-44 दुर्ग, ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन निवासी बोरसी सुभाष चौक दुर्ग तथा लोकेश्वर साहू निवासी बोरसी, थाना पद्मनाभपुर दुर्ग को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।