गृह मंत्री का OSD बन खिलाड़ियों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

गृह मंत्री का OSD बन खिलाड़ियों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/ खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट मैच के दौरान स्वयं को गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को धमकाने और अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपी पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई को दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम, खुर्सीपार में क्रिकेट मैच का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान आरोपी सर्वेश सिंह ने खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बताते हुए खिलाड़ियों पर दबाव बनाने, डराने-धमकाने और अभद्र व्यवहार करने का प्रयास किया। मामले की शिकायत प्रार्थी जय प्रकाश द्वारा 27 मई को थाना खुर्सीपार में दर्ज कराई गई।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सर्वेश सिंह के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 42/102/2026 के तहत धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को अनुविभागीय दण्डाधिकारी छावनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सर्वेश सिंह (38 वर्ष), निवासी नेताजी चौक लिंक रोड, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर खिलाड़ियों पर दबाव बनाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। मामले में थाना खुर्सीपार पुलिस स्टाफ की त्वरित और प्रभावी भूमिका रही।