बीएसपी से महीनों से हो रही थी लोहे की चोरी, पुलिस ने संगठित गिरोह पकड़ा
दुर्ग/ थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित रूप से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 250 टन लोहे की प्लेट व बीम कटिंग सहित कई वाहन और मशीनें जब्त की हैं। जब्त सामग्री एवं वाहनों की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले चार-पांच माह से भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट में लोहे का सामान मिलाकर चोरी कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है तथा प्रकरण में संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना पुरानी भिलाई पुलिस को 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स प्लॉट नंबर 18 ए/05, एचआईए हथखोज भिलाई फैब्रिकेशन वर्क्स एंड स्क्रैप डीलर परिसर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां हाईवा वाहन क्रमांक CG04 QT 8797 में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट कटिंग और बीम भरी मिली। वहीं ट्रक क्रमांक CG10 R 2004 में लोहे की प्लेट कटिंग लोड थी तथा एक अन्य खाली हाईवा CG08 AW 1475 वहां खड़ा मिला, जिसने कथित रूप से लोहा खाली किया था।
मौके पर पुलिस को फ्लू डस्ट के ढेर में छिपाकर रखी गई लोहे की प्लेट और बीम कटिंग भी मिली। इसके अलावा लोहा लोडिंग के लिए उपयोग में लाए जा रहे ट्रक, टाटा 1109, टाटा एस, जेसीबी, हाइड्रा, चैन माउंटिंग मशीन एवं डस्ट छानने की मशीनें भी बरामद की गईं।
दस्तावेज नहीं मिलने पर दर्ज हुआ अपराध
पुलिस ने वाहन चालकों चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा तथा ए.के. ट्रेडर्स के सुपरवाइजर निर्मल सिंह को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा, लेकिन वे संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 277/2026 दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी मीथेन ठाकुर, चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और निर्मल सिंह को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(4), 3(5) एवं 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
मीथेन ठाकुर, निवासी सिकोला बस्ती मोहन नगर दुर्ग
चिंतानंद साहू, उम्र 40 वर्ष, बाबा दीप सिंह नगर वैशाली नगर
गीतेश वर्मा, उम्र 36 वर्ष, टाटा लाइन कोहका
निर्मल सिंह, उम्र 52 वर्ष, ईडब्ल्यूएस-697 वैशाली नगर
जब्त सामग्री
दो हाईवा वाहन – CG04 QT 8797, CG08 AW 1475
दो ट्रक – CG10 R 2004, CG07 MB 2455
टाटा 1109 – CG07 CA 6977
जेसीबी – CG08 AU 8496
हाइड्रा – CG07 CW 8063
एक चैन माउंटिंग मशीन
टाटा एस – CG04 JB 9916
लगभग 250 टन लोहे की प्लेट कटिंग एवं बीम
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।