सोशल मीडिया पर रईसी दिखाना पड़ा महंगा: महिला यूट्यूबर के घर 8 लाख की चोरी, जेवरात के साथ एनर्जी ड्रिंक की पेटी भी ले गए चोर

सोशल मीडिया पर रईसी दिखाना पड़ा महंगा: महिला यूट्यूबर के घर 8 लाख की चोरी, जेवरात के साथ एनर्जी ड्रिंक की पेटी भी ले गए चोर

शिवपुरी (मध्य प्रदेश)/सोशल मीडिया पर अपनी आलीशान जीवनशैली, महंगे जेवरात और लग्जरी लाइफस्टाइल के वीडियो साझा करने वाली महिला यूट्यूबर रचना गुर्जर बड़ी चोरी की वारदात का शिकार हो गईं। घटना मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र की है, जहां चोरों ने उनके घर में घुसकर करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोर घर में रखी एनर्जी ड्रिंक की एक पेटी भी अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार, रचना गुर्जर सोशल मीडिया पर अपने देसी लाइफस्टाइल, आलीशान घर और सोने-चांदी के जेवरात से जुड़े वीडियो पोस्ट करती हैं। हाल ही में उन्होंने ज्वैलरी से संबंधित एक वीडियो साझा किया था। इसके महज दो दिन बाद उनके घर में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं चोरों ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के आधार पर ही घर को निशाना तो नहीं बनाया।
पुलिस के मुताबिक, चोर बाड़ काटकर घर के अंदर घुसे और रचना गुर्जर व उनके पति ऊदल सिंह गुर्जर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद चोरों ने सीसीटीवी कैमरों की दिशा ऊपर की ओर मोड़ दी ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद उन्होंने अलमारियों और ताले तोड़कर कीमती जेवरात एवं नकदी चोरी कर ली।
घटना का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार देर रात के बाद सुबह करीब 4 बजे रचना गुर्जर पानी पीने के लिए उठीं और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया। उन्होंने अन्य परिजनों को फोन कर दरवाजा खुलवाया। बाहर निकलने पर परिवार को चोरी की जानकारी मिली। घर में कई ताले टूटे मिले और अलमारी से नकदी व जेवरात गायब थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा चोरों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सोशल मीडिया वीडियो और चोरी के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।