नेहरू नगर चोरी कांड का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार
भिलाई/ दुर्ग पुलिस ने नेहरू नगर पश्चिम स्थित एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी एवं हीरे के आभूषण, नगदी रकम, वाहन, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर पश्चिम निवासी विनय कुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मई 2026 को वे परिवार सहित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 5 मई को लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ मिला तथा अलमारी के लॉक भी क्षतिग्रस्त थे। अज्ञात चोर घर से सोना, हीरा, चांदी के आभूषण और लगभग 3.40 लाख रुपये नगद चोरी कर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हारिम एवं मोहम्मद नासिर हुसैन अपने अन्य सहयोगियों के साथ सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी के आभूषण मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेचने तथा चोरी की रकम का आपस में बंटवारा करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में दबिश देकर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में हारिम (मेरठ), मोहम्मद नासिर हुसैन (नई दिल्ली), मोहम्मद कासिम (मेरठ), सलीम (मेरठ), मोहम्मद बिलाल (मेरठ) तथा दिन मोहम्मद (मेरठ) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी एवं हीरे के आभूषण, नगदी रकम, जुपिटर एवं सेल्टोस वाहन, मोबाइल फोन, ताला तोड़ने के औजार तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
प्रकरण में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला के निरीक्षक विजय कुमार यादव, उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक योगेश पाण्डेय सहित विशेष टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।