हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के पास कार में आग, त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टला
दुर्ग/ हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के सामने सोमवार सुबह एक खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।जानकारी के अनुसार, राहुल प्रधान की कार क्रमांक CG07BB0531 विश्वविद्यालय के सामने खड़ी थी। सुबह करीब 11:13 बजे अचानक कार में आग लग गई। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई, जिसके बाद दमकल की एक टीम मौके के लिए रवाना हुई।मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि कार से तेज आग की लपटें निकल रही हैं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ समय में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। साथ ही आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से भी रोक दिया गया।प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अग्निशमन दल प्रभारी प्रवीण बारा के नेतृत्व में कर्मचारियों प्रवीन सिन्हा, पराग भोसले, जयराम, राहुल कुमार और महेन्द्र चंदेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी दुर्घटना टाल दी।