भिलाई निगम की बड़ी कार्रवाई: हाई कोर्ट के आदेश पर अवैध मदरसा ढहाया, गरीबों के आवास के लिए भूमि कराई मुक्त
भिलाई/ भिलाई नगर पालिक निगम ने राधिका नगर क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित एक मदरसे को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई हाई कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई स्थल के लगभग एक किलोमीटर के दायरे में आम लोगों और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, जिस भूखंड पर अवैध निर्माण किया गया था, वह भूमि मूल रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीब परिवारों के लिए किफायती आवास योजना के तहत आरक्षित है। निगम प्रशासन द्वारा कब्जाधारियों को पूर्व में कई बार बेदखली नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया।मामला बाद में हाई कोर्ट पहुंचा, जहां सुनवाई के दौरान अदालत ने अवैध निर्माण को हटाकर भूमि को मूल उद्देश्य के लिए उपयोग में लाने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में निगम प्रशासन ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया।
निगम अधिकारियों ने बताया कि मुक्त कराई गई भूमि पर अब शासन की योजना के अनुरूप गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए आवास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।