कूरियर और ई-कॉमर्स के जरिए नशीले पदार्थ व घातक हथियारों की सप्लाई रोकने सख्त कदम, दुर्ग में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त बैठक
दुर्ग/ कूरियर और ई-कॉमर्स सेवाओं के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली सामग्री, मादक पदार्थों तथा घातक हथियारों की अवैध आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न कूरियर कंपनियों और ई-कॉमर्स संस्थानों के प्रतिनिधियों को सुरक्षा और निगरानी से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
दोपहर 12:30 बजे आयोजित इस बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कूरियर नेटवर्क का उपयोग किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों के लिए न हो, इसके लिए सभी संचालकों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।
बैठक में निर्देशित किया गया कि किसी भी पार्सल की बुकिंग के समय प्रेषक, प्राप्तकर्ता और बुकिंग कराने वाले व्यक्ति का पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा आधार कार्ड की प्रति अनिवार्य रूप से प्राप्त कर अभिलेख में दर्ज की जाए। इसके अलावा सभी पार्सल बुकिंग केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और कम से कम एक माह तक फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी पार्सल में संदिग्ध सामग्री होने की आशंका हो तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दी जाए। वहीं नशीली दवाओं, प्रतिबंधित औषधियों या मादक पदार्थों की आशंका होने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को भी तुरंत अवगत कराया जाए।
बैठक में औषधियों से जुड़े पार्सलों के लिए अलग रजिस्टर संधारित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसमें भेजने वाले और प्राप्तकर्ता की पूरी जानकारी दर्ज करने के साथ-साथ भुगतान को यथासंभव ऑनलाइन माध्यम से लेने की सलाह दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रेषक की पहचान और लेन-देन का रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके।
अधिकारियों ने कूरियर सेवाओं के माध्यम से होने वाली संभावित अवैध गतिविधियों की रोकथाम, सुरक्षा उपायों और संबंधित संस्थाओं की कानूनी जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक संचालक संजय सिंह, औषधि निरीक्षक विष्णु प्रसाद साहू, गायत्री पटेल, जागेश्वरी साहू सहित विभिन्न कूरियर कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
दुर्ग पुलिस ने कूरियर सेवा संचालकों, ई-कॉमर्स कंपनियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध पार्सल, प्रतिबंधित नशीली सामग्री या अवैध वस्तुओं के परिवहन संबंधी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।