बीएसपी की दीवार फांदकर स्क्रैप चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार
भिलाई/ भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले एक आरोपी को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 52,500 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की भिलाई स्टील प्लांट इकाई ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 जून की रात करीब 8 बजे केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी से दो युवक 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन चोरी कर ले जा रहे थे। सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन पीछे बैठा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि स्कूटी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान सोनू नायक (25 वर्ष), निवासी सेक्टर-5, भिलाई के रूप में बताई। उसने अपने अन्य साथियों के साथ प्लांट की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर स्क्रैप लोहा चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा, एक स्कूटी और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 52,500 रुपये बताई गई है।
भिलाई भट्ठी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, उपनिरीक्षक भारत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू और आरक्षक रोशन भट्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।