केयरटेकर ने प्रेमी के कहने पर मालिक के घर में की चोरी, पुलिस ने दोनों को दबोचा
दुर्ग/ सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी पुलिस ने मालिक के घर में विश्वास का दुरुपयोग कर चोरी करने वाली नौकरानी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। वृद्ध महिला की देखरेख के लिए पिछले दो वर्षों से कार्यरत नौकरानी ने घर में शादी समारोह की व्यस्तता का फायदा उठाकर अलमारी से नगदी चोरी कर ली थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नगदी ₹23,500 तथा दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹43,500 मूल्य की संपत्ति बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
शादी की व्यस्तता का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार प्रार्थी रोहन कुखरानिया, निवासी सूर्या विहार कॉलोनी, जुनवानी, चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध माता की देखरेख के लिए ममता चौहान को लगभग दो वर्षों से केयरटेकर के रूप में रखा गया था। 26 एवं 27 जून 2026 को घर में विवाह समारोह होने के कारण परिवार के सभी सदस्य कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपी महिला ने अवसर का लाभ उठाकर घर की अलमारी में रखी नगदी चोरी कर ली और बिना किसी सूचना के घर छोड़कर चली गई।
तकनीकी साक्ष्यों से रायपुर में मिली लोकेशन, दोनों गिरफ्तार
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 933/2026 के तहत धारा 306 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी महिला के मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन प्राप्त की। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को रायपुर से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
प्रेमी के कहने पर की चोरी
पूछताछ में आरोपी ममता चौहान ने स्वीकार किया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा ने पैसों की जरूरत बताते हुए उसे चोरी करने के लिए प्रेरित किया था। इसके बाद उसने मालिक के घर की अलमारी से नगदी चोरी की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से ₹23,500 नगद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत ₹43,500 आंकी गई है।
घटना का कारण
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेमी को पैसों की आवश्यकता होने के कारण उसके कहने पर आरोपी महिला ने घर में रखी नगदी चोरी की।
घटनास्थल
सूर्या विहार कॉलोनी, जुनवानी, चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
गिरफ्तार आरोपी
ममता चौहान (27 वर्ष), निवासी पिथौरा, जिला महासमुंद।
शीतल वर्मा (27 वर्ष), निवासी सारागांव, जिला रायपुर।
बरामद सामग्री
चोरी की नगदी – ₹23,500
दो मोबाइल फोन
कुल जप्ती मूल्य – ₹43,500
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक मो. अहफाज खान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र कुशवाहा, आरक्षक गोविन्द साहू, आरक्षक हर्षित शुक्ला, महिला आरक्षक जयश्री एवं महिला आरक्षक मीरा वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।