ईडब्ल्यूएस (EWS) आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग को लेकर श्री राजपूत करणी सेना ने उठाई आवाज
ईडब्ल्यूएस (EWS) आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग को लेकर श्री राजपूत करणी सेना ने उठाई आवाज
दुर्ग/ श्री राजपूत करणी सेना (कालवी विचारधारा) छत्तीसगढ़ द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) को संविधान के 103वें संशोधन के तहत प्रदत्त 10 प्रतिशत आरक्षण के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की गई।इसी क्रम में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने श्री राजपूत करणी सेना छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह एवं संगठन के पदाधिकारियों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के आधार पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को पत्र लिखकर आगामी मानसून सत्र में इस महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया है।पत्र में उल्लेख किया गया है कि संविधान के 103वें संशोधन के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, किंतु छत्तीसगढ़ में आज भी अनेक पात्र युवा एवं विद्यार्थी इस संवैधानिक व्यवस्था का पूर्ण लाभ प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। राज्य में इसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा आवश्यक नीतिगत एवं प्रशासनिक सुधारों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राजस्थान सहित देश के अनेक राज्यों ने आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक संशोधन कर EWS आरक्षण को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में वास्तविक लाभ प्राप्त हो रहा है। इसी प्रकार की व्यवस्था छत्तीसगढ़ में भी लागू किए जाने की मांग की गई है।
श्री राजपूत करणी सेना (कालवी विचारधारा) की प्रमुख मांगें निम्न हैं—
छत्तीसगढ़ में EWS वर्ग हेतु 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।राजस्थान मॉडल का अध्ययन कर आवश्यक नीतिगत एवं प्रशासनिक सुधार लागू किए जाएं।संगठन ने विश्वास व्यक्त किया है कि विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में इस विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हित में ठोस निर्णय लिए जाएंगे, जिससे पात्र युवाओं एवं विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक अधिकारों का वास्तविक लाभ मिल सके।इस अवसर पर श्री राजपूत करणी सेना (कालवी विचारधारा) छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह के साथ प्रदेश महामंत्री मानवेन्द्र सिंह, प्रदेश सह सचिव सुमित सिंह, दुर्ग जिलाध्यक्ष मनीष सिंह, दुर्ग मातृशक्ति जिलाध्यक्ष नीलू सिंह, युवा जिलाध्यक्ष अमित सिंह, दुर्ग कोषाध्यक्ष गायत्री सिंह, निक्की सिंह, हिमांशु सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में करणी सैनिक उपस्थित रहे।