कमीशन के लालच में बने साइबर ठगों के साथी, दुर्ग में 10 गिरफ्तार
दुर्ग/साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर साइबर ठगी से प्राप्त रकम को बैंक खातों के माध्यम से प्राप्त करने, छिपाने और अन्य खातों में स्थानांतरित करने का आरोप है। पुलिस अब तक ऐसे 123 खाताधारकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर चुकी है।पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के आधार पर साइबर ठगी में प्रयुक्त संदिग्ध बैंक खातों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम को विभिन्न खातों में स्थानांतरित करने और अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के लिए किया जा रहा था।थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने इंडियन ओवरसीज बैंक के संदिग्ध खातों की जांच के दौरान 106 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान आठ खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, इंडियन ओवरसीज बैंक की पासबुक, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड जब्त किए गए।वहीं, थाना छावनी में दर्ज प्रकरण में पहले ही 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। जांच के दौरान गिरोह से जुड़े दो अन्य आरोपी प्रेमलाल कौशिक और ललित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में अब तक कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए, जिनका उपयोग ठगी की रकम को प्राप्त करने और आगे स्थानांतरित करने में किया जाता था। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(3) एवं 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपीगण का नाम :
1. मोदित कुमार जैन, उम्र 26 वर्ष, निवासी नूतन चौक, भिलाई-3।
2. करण टण्डन, उम्र 21 वर्ष, निवासी पांच रास्ता, सुपेला, भिलाई।
3. अवध किशोर, उम्र 55 वर्ष, निवासी सेक्टर एच, खुर्सीपार, भिलाई।
4. संकेत कुमार दास, उम्र 27 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।
5. रविन्द्र कौशिक, उम्र 20 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर, खुर्सीपार।
6. शहबाज आलम, उम्र 26 वर्ष, निवासी जवाहर नगर, जामुल।
7. ए. सागर, उम्र 36 वर्ष, निवासी वृंदा नगर, सुपेला।
8. प्रिती कौर, उम्र 37 वर्ष, निवासी गांधी कॉलोनी, सुपेला।
9. प्रेमलाल कौशिक, उम्र 23 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।
10. ललित कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।