दुर्ग में महिला की हत्या का अंधा कत्ल चंद घंटों में सुलझा, दुष्कर्म के प्रयास के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का दुर्ग पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर दोनों ने गला दबाकर और बोल्डर पत्थर से सिर व चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गहन पूछताछ के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
मजदूरी के लिए निकली थी महिला, झाड़ियों में मिला शव
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को भगवंतीन साहू सुबह करीब 10 बजे मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना सिटी कोतवाली में दर्ज कराई। इसी दौरान पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखे शव की पहचान भगवंतीन साहू के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलगांव थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही स्थानीय लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मिले तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह हर्ष यादव (19) और नितेश ठाकुर (20) पर गया।
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे शराब पीते हुए घूम रहे थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई। दोनों ने उसे पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला स्थित पुराने पुल के पास सुनसान जगह पर ले गए। वहां दोनों ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने उसकी हत्या करने का फैसला कर लिया।
पहले गला दबाया, फिर पत्थर से सिर कुचल दिया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी हर्ष यादव ने गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि नितेश ठाकुर ने पास पड़े बड़े बोल्डर पत्थर से महिला के सिर और चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद हर्ष यादव ने भी पत्थर से हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की
वारदात के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। उन्होंने घटना के समय पहने कपड़े बदलकर छिपा दिए और धोकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर जब्त कर लिए।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने उपलब्ध प्रत्यक्ष, परिस्थितिजन्य, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
हर्ष यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम पीसेगांव, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
नितेश ठाकुर (20 वर्ष), निवासी चंदखुरी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
जब्त सामग्री
हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर।
दोनों आरोपियों के घटना के समय पहने गए कपड़े।
अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य।