दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान हत्या का 48 घंटे में खुलासा, एक आरोपी समेत तीन नाबालिग अभिरक्षा में

दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान हत्या का 48 घंटे में खुलासा, एक आरोपी समेत तीन नाबालिग अभिरक्षा में

दुर्ग/ दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का दुर्ग पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त 2026 को ग्राम तुमाकला निवासी चोवाराम लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिचित भूषण पटेल और प्रकाश सिंह कश्यप के साथ मोटरसाइकिल से शंकराचार्य अस्पताल जा रहे थे। देर रात करीब दो बजे दुर्ग-धमधा रोड स्थित जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के सामने काले रंग की डिस्कवर बाइक पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और विवाद शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया तथा प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने धारदार हथियार से लगातार वार कर प्रकाश सिंह कश्यप को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य आरोपियों ने चोवाराम लोधी और उनके साथी से भी मारपीट कर करीब चार हजार रुपये लूट लिए और धमधा की ओर फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर दुर्ग, भिलाई, धमधा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का लगातार विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर एक आरोपी तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा तथा लूटी गई नगदी बरामद कर जब्त की गई। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देर रात सुनसान मार्गों पर मोटरसाइकिल सवार लोगों को रोककर पहले विवाद करते थे, फिर सामूहिक रूप से मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास करते थे। विरोध होने पर धारदार हथियार से हमला कर मौके से फरार हो जाते थे। इस वारदात का उद्देश्य भी राहगीरों से लूट करना था, जिसका विरोध करने पर हत्या की घटना हुई।
मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श उर्फ लाल (19 वर्ष) निवासी कादम्बरी नगर, राम मंदिर के सामने, मोहन नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। इसके अलावा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।