पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाया, अयूब खान ने बच्चों में बांटी कॉपियां व मिठाइयाँ
दुर्ग/ पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू के जन्मदिन के अवसर पर दुर्ग में सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अयूब खान के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर अयूब खान ने छोटे स्कूली बच्चों को कॉपियों का वितरण किया तथा बच्चों के बीच मिठाइयाँ बांटकर ताम्रध्वज साहू का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत करने का संदेश भी दिया गया।
अयूब खान ने कहा कि ताम्रध्वज साहू का सार्वजनिक जीवन हमेशा जनसेवा, शिक्षा और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है, इसलिए बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना एक सार्थक प्रयास है।कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी बच्चों को शुभकामनाएं दीं तथा इस तरह के सामाजिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस महामंत्री जसवंत गायकवाड, जिला कांग्रेस दुर्ग के सचिव अभिषेक जांगड़े, प्रदेश महामंत्री (खेल प्रकोष्ठ) संदीप बख्शी, वी. गुप्ता, पुरुषोत्तम सोनवानी (कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ), प्रशांत बख्शी, विजेंदर बंजारे, जितेंद्र नवरंगे, मनोज वर्मा, उमेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।