सेवाभावी चिकित्सक डॉ. सैयद आफताब रिजवी को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, हैदरगंज कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक

सेवाभावी चिकित्सक डॉ. सैयद आफताब रिजवी को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, हैदरगंज कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक

भिलाई। अंचल के जाने-माने सेवाभावी चिकित्सक डॉ. सैयद आफताब रिजवी (78) को सोमवार शाम नमाज़-ए-जनाज़ा के बाद नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। डॉ. रिजवी का सोमवार 24 अगस्त की सुबह रायपुर के एक अस्पताल में इंतकाल हो गया था। उनके इंतकाल की खबर से पूरे भिलाई में शोक की लहर दौड़ गई।
डॉ. रिजवी के नेहरू नगर स्थित निवास से शाम को उनका जनाज़ा निकाला गया। इसके बाद हैदरगंज कब्रिस्तान, कैम्प-1 में नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई, जिसके बाद उन्हें पूरे सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
डॉ. रिजवी को अंतिम विदाई देने के लिए जनप्रतिनिधियों, चिकित्सक बिरादरी, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के लोगों सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बारिश के बावजूद लोगों का हुजूम उनके नेहरू नगर स्थित निवास से लेकर हैदरगंज कब्रिस्तान तक मौजूद रहा। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग अपने प्रिय चिकित्सक एवं समाजसेवी को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
डॉ. सैयद आफताब रिजवी अपनी चिकित्सा सेवा के साथ-साथ समाजसेवा के लिए भी विशेष रूप से पहचाने जाते थे। गरीब और जरूरतमंद लोगों को उन्होंने लंबे समय तक नि:शुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई। आम लोगों के बीच भी वे अपनी सहजता, सेवाभाव और चिकित्सा के प्रति समर्पण के कारण बेहद लोकप्रिय रहे।
डॉ. रिजवी की प्रारंभिक शिक्षा राजकुमार कॉलेज रायपुर में हुई। उनके पिता सैयद अहमद सईद रिजवी इसी संस्थान में उप प्राचार्य थे। इसके बाद उन्होंने रायपुर मेडिकल कॉलेज से चिकित्सा शिक्षा पूरी की और वर्ष 1975 में एमडी की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने बीएसपी सेक्टर-9 मुख्य चिकित्सालय के मेडिसिन विभाग से अपने चिकित्सकीय सेवाकाल की शुरुआत की और दो दशक से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 1998 में वे बीएसपी की सेवा से अलग हुए, जिसके बाद वे निजी प्रैक्टिस के माध्यम से लोगों की सेवा करते रहे।
डॉ. रिजवी के निधन से चिकित्सा जगत और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। वे बीएसपी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के सेवानिवृत्त निदेशक डॉ. सैयद जावेद रिजवी के बड़े भाई थे। उनके निधन पर बड़ी संख्या में लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

  *पूर्व मुख़्यमंत्री भूपेश  बघेल ने दी डॉक्टर रिजवी को श्रद्धांजलि *

 पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डॉक्टर रिजवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है उन्होंने  अपने शोक संदेश में कहा है कि भिलाई के जाने-माने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस. ए. रिज़वी साहब के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। 

एक कुशल चिकित्सक के रूप में उन्होंने पिछले चार दशकों तक समाज की सेवा की।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें।