नशे में स्कूल बस चला रहे थे 2 चालक, ट्रैफिक पुलिस ने दोनों बसें जब्त कर की कार्रवाई; स्कूल प्रबंधन को नोटिस

नशे में स्कूल बस चला रहे थे 2 चालक, ट्रैफिक पुलिस ने दोनों बसें जब्त कर की कार्रवाई; स्कूल प्रबंधन को नोटिस

दुर्ग/ स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे से स्कूल बस एवं वैन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। इसी क्रम में 27 अगस्त को प्रातःकालीन जांच के दौरान हेरिटेज स्कूल एवं RISE N SHINE स्कूल की दो स्कूल बसों के चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाए गए। जांच के दौरान ब्रीथ एनालाइजर से शराब सेवन की पुष्टि होने पर यातायात पुलिस ने दोनों चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
सहायक उप निरीक्षक रेमन साहू एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई में नशे की हालत में पाए गए दोनों स्कूल बस चालकों को तत्काल वाहन चलाने से रोका गया तथा दोनों स्कूल बसों को जप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग तथा स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भी प्रेषित किया गया है।
यातायात पुलिस ने बताया कि नशे की स्थिति में स्कूली वाहन चलाना बच्चों के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। इसी वजह से स्कूल बस एवं वैन चालकों की नियमित रूप से ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। जांच के दौरान एक अन्य भारी वाहन चालक को भी नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जप्त एवं कार्रवाई की गई सामग्री में हेरिटेज स्कूल की एक स्कूल बस तथा RISE N SHINE स्कूल की एक स्कूल बस शामिल है। इसके अलावा नशे की स्थिति में पाए गए एक अन्य भारी वाहन चालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उक्त कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रेमन साहू एवं यातायात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।