केंद्रीय जेल में राखी बांधने पहुंचे 4 हजार परिजनों के बीच दुर्ग पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान

केंद्रीय जेल में राखी बांधने पहुंचे 4 हजार परिजनों के बीच दुर्ग पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान

दुर्ग/ रक्षाबंधन के अवसर पर केंद्रीय जेल परिसर दुर्ग में बंदियों से मिलने एवं उन्हें राखी बांधने पहुंचे लगभग 4,000 परिजनों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ दुर्ग पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों एवं साइबर टीम ने उपस्थित लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल व संदेश, संदिग्ध लिंक, ओटीपी तथा डिजिटल माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।
दुर्ग पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम संबंधी विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में बिना देरी पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, उप निरीक्षक संकल्प राय, साइबर टीम, थाना प्रभारी प्रमोद रुसिया पद्मनाभपुर, उप निरीक्षक चंद्रशेखर सोनी प्रभारी अंजोरा सहित पुलिस स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई।