दुर्ग में नकली ब्रांडेड घड़ियों के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, टाइटन-फास्ट्रैक की 280 नकली घड़ियां जब्त

दुर्ग में नकली ब्रांडेड घड़ियों के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, टाइटन-फास्ट्रैक की 280 नकली घड़ियां जब्त

दुर्ग/ नामी ब्रांड टाइटन और फास्ट्रैक के नाम का कथित तौर पर दुरुपयोग कर नकली घड़ियां बेचने के मामले में दुर्ग कोतवाली पुलिस ने दुकान संचालक कमलेश निर्मलकर (41) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, टाइटन कंपनी की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि गौरव तिवारी की शिकायत और मुखबिर की सूचना के आधार पर 5 सितंबर को इंदिरा मार्केट स्थित ‘सत कबीर वाच’ दुकान में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से टाइटन एवं फास्ट्रैक कंपनी की 280 नकली घड़ियां, फास्ट्रैक के 275 नकली टैग और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया।
जांच में आरोपी द्वारा प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम और ट्रेडमार्क का कथित रूप से दुरुपयोग कर नकली घड़ियों को असली बताकर बेचने की बात सामने आई। मामले में दुर्ग कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 0483/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी पंचशील नगर, वार्ड नंबर-1 दुर्ग का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से नकली एवं पायरेटेड सामान की खरीद-बिक्री से बचने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। कार्रवाई में उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक मोहन साहू सहित दुर्ग कोतवाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।