तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी: भिलाई भट्टी पुलिस ने माजदा वाहन सहित साउंड सिस्टम किया जप्त, बिना अनुमति डीजे संचालन पर कार्रवाई
भिलाई/सेक्टर-04 पांडे चौक के पास रात्रि में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे/साउंड सिस्टम बजाकर कोलाहल करने की सूचना पर थाना भिलाई भट्टी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। दिनांक 06 सितंबर 2026 को रात करीब 21:40 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि माजदा वाहन क्रमांक CG 07 LX 8552 में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। मौके पर तनिष चौधरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी न्यू खुर्सीपार द्वारा वाहन में 06 नग डीजे साउंड बॉक्स लगाकर अत्यधिक तेज आवाज में संचालन करना पाया गया। डीजे संचालन की वैध अनुमति मांगे जाने पर उसके द्वारा कोई अनुमति नहीं होना लिखित रूप में बताया गया।
पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1985 की धारा 15 के तहत कार्रवाई करते हुए माजदा वाहन, 06 नग डीजे साउंड बॉक्स एवं 01 नग एम्पलीफायर जप्त किया तथा इस्तगाशा क्रमांक 01/2026 तैयार किया। प्रकरण को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है और अनुविभागीय दंडाधिकारी के समक्ष बॉन्ड जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने डीजे एवं साउंड सिस्टम संचालकों सहित आम नागरिकों से अपील की है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित समय, ध्वनि सीमा एवं अनुमति संबंधी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों का उल्लंघन कर सार्वजनिक शांति एवं नागरिकों की सुविधा प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।