रिश्तेदार को फोन लगाने के बहाने मोबाइल लिया और खाते से उड़ाए 1.48 लाख, दुर्ग जिला अस्पताल का मामला
दुर्ग/ शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग में मरीज के परिजन से रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मोबाइल लेकर बैंक खाते से 1,48,301 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रार्थी कुलेश्वर निषाद, निवासी ग्राम महमरा, चौकी अंजोरा, थाना पुलगांव ने 5 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने रिश्तेदार को फोन करने के बहाने उसका मोबाइल लिया और वहां से चला गया। बाद में आरोपी ने मोबाइल का दुरुपयोग कर बैंक खाते से 1,48,301 रुपये निकाल लिए। मामले में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी शुरू की।
पुलिस ने आरोपी कमलजीत बांदे उर्फ कमल (29 वर्ष), निवासी ग्राम तमोरा, थाना रानचिरई, जिला बालोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदा गया सोने का मंगलसूत्र, घड़ी, पॉवर बैंक, मोबाइल फोन तथा 20,200 रुपये नगद सहित कुल 55,700 रुपये की सामग्री बरामद कर जप्त की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अस्पताल में मरीज के परिजन का विश्वास हासिल कर मोबाइल लिया और उसके माध्यम से बैंक खाते से राशि की धोखाधड़ी की। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अपरिचित व्यक्ति को किसी भी बहाने अपना मोबाइल फोन न दें तथा ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना दें।