नगरीय निकाय कर्मचारियों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर महासंघ ने शासन को सौंपा मांग पत्र, 1 अक्टूबर को रायपुर के तुता में धरना
दुर्ग/नगर पालिक निगम भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के आह्वान पर अपने अनुषांगिक संगठनों की विभिन्न मांगों को लेकर 1 अक्टूबर को रायपुर के तुता में आयोजित होने वाले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में प्रदेश के नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल होंगे। इस संबंध में स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सचिव एवं संचालक से अटल नगर नवा रायपुर स्थित महानदी भवन एवं इंद्रावती भवन में भेंट कर 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा तथा धरना प्रदर्शन में शामिल होने की सूचना दी।महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शरद दुबे एवं महामंत्री अनिल सिंह ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ द्वारा आयोजित इस धरना प्रदर्शन में प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी, संविदा एवं प्लेसमेंट कर्मी सहित अन्य कर्मचारी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर शामिल होंगे। महासंघ द्वारा नगरीय निकायों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों के निराकरण को लेकर लगातार विभागीय मंत्री अरुण साव, सचिव एवं संचालक से मुलाकात कर मांग पत्र के माध्यम से समस्याओं से अवगत कराया जाता रहा है।उन्होंने बताया कि मांग पत्र के विभिन्न बिंदुओं पर विभागीय स्तर पर चर्चा होने के बावजूद आज दिनांक तक इनके निराकरण की दिशा में ठोस पहल नहीं होने के कारण कर्मचारियों में रोष है। महासंघ ने अब अपनी मांगों के निराकरण के लिए लोकतांत्रिक तरीके से धरना प्रदर्शन के माध्यम से शासन का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया है।महासंघ के पदाधिकारियों सुरेश तिवारी, संजय मिश्रा, अनिल बाजपेयी, विष्णु चंद्राकर, अमरनाथ दुबे, रामवृक्ष यादव, गोपाल सिन्हा, अरुण मिश्रा, रीता चतुर्वेदी, कृष्णा देशमुख, अमित चंद्राकर, विवेक रंगनाथ, संतोष सोनी, शशि यादव, ईश्वर वर्मा, राम अवतार साहू, नवीन साहू एवं विजेंद्र परिहार सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश के समस्त नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की है कि वे 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे रायपुर तुता में आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करें।