“नेहरू नगर अंडर ब्रिज में मरम्मत के चलते 5 अक्टूबर से 10 नवंबर तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था”

“नेहरू नगर अंडर ब्रिज में मरम्मत के चलते 5 अक्टूबर से 10 नवंबर तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था”

दुर्ग/नेहरू नगर अंडर ब्रिज में आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते 05 अक्टूबर 2026 से 10 नवंबर 2026 तक लगभग 35 दिनों के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मरम्मत कार्य के दौरान नेहरू नगर चौक से सेक्टर की ओर जाने वाले अंडर ब्रिज के मार्ग को बारी-बारी से बंद रखा जाएगा। यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
मरम्मत कार्य के पहले फेस में नेहरू नगर चौक से सेक्टर की ओर जाने वाला अंडर ब्रिज बंद रहेगा। इस दौरान नेहरू नगर से सेक्टर की ओर जाने वाले वाहन चालक ओवरब्रिज मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंचें।
इसी तरह सुपेला एवं राधिका नगर क्षेत्र से सेक्टर की ओर जाने वाले वाहन चालक सुपेला अंडर ब्रिज मार्ग का उपयोग करें। इससे मरम्मत कार्य के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम रखने और जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।
वहीं सेक्टर की ओर से नेहरू नगर चौक की दिशा में आने वाले वाहनों के लिए अंडर ब्रिज मार्ग पर केवल दोपहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी। इस मार्ग पर स्कूल बस एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। स्कूल बस एवं चारपहिया वाहन चालक ओवरब्रिज मार्ग का उपयोग करें।
         

               *यातायात पुलिस की अपील*

यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि मरम्मत कार्य स्थल पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें। यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए डायवर्सन एवं दिशा-संकेतों का पालन करें तथा जाम से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। वाहन चालक यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।