जेल रोड-पुलगांव चौक रोड निर्माण की सुस्त रफ्तार से जनता हलाकान, बिजली-पानी की कटौती से बढ़ी परेशानी
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा ने कहा—सभी विभाग आपसी समन्वय से करें काम, ताकि बार-बार शटडाउन से मिले राहत
दुर्ग/जेल रोड से पुलगांव चौक तक सड़क निर्माण की सुस्त रफ्तार और निर्माण कार्यों के चलते बार-बार बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित होने से आसपास के वार्डों के लोग परेशान हैं। कभी पेड़ों की छंटाई, कभी पाइपलाइन बिछाने, कभी नाली निर्माण तो कभी ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के नाम पर अलग-अलग विभागों द्वारा शटडाउन लिया जा रहा है। इसके कारण क्षेत्र की जनता को कई घंटों तक बिजली और पानी के बिना रहना पड़ रहा है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि सड़क के आसपास के पांच वार्डों की जनता को 5 से 6 घंटे तक बिजली और पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति में सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को हो रही है। लगातार अलग-अलग कार्यों के लिए बिजली बंद किए जाने से आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।राजेश शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़े विभागों और बिजली विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए। जिस समय शटडाउन लिया जाए, उस दौरान सभी संबंधित विभाग अपने-अपने कार्य एक साथ पूरा करें, ताकि बार-बार बिजली बंद करने की जरूरत न पड़े और जनता को होने वाली परेशानी कम हो सके।उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में भी तेजी लाने की जरूरत बताई, ताकि निर्माण कार्य लंबे समय तक खिंचने से आसपास के वार्डों के लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। विभागों के बीच बेहतर तालमेल और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा होने से बिजली-पानी की बाधा कम होगी और आम जनता को राहत मिल सकेगी।