दुर्ग पुलिस की साइबर ठगी पर बड़ी कार्रवाई, 5 से 15 हजार रुपये के कमीशन के लालच में बैंक खाते देने वाले 7 खाताधारकों पर शिकंजा
भिलाई। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में बैंक खातों का इस्तेमाल करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने 7 खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। थाना सुपेला, खुर्सीपार और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में सामने आया कि कथित तौर पर 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन के लालच में बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराए गए थे। जांच में इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी से प्राप्त रकम को एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने और उसकी पहचान छिपाने के लिए इन बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। ऐसे खातों को म्यूल बैंक अकाउंट कहा जाता है। पुलिस ने बैंक खातों के लेन-देन, तकनीकी साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर 14 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक, थाना सुपेला क्षेत्र में फेडरल बैंक और उत्कर्ष बैंक से संबंधित दो खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, खुर्सीपार थाना क्षेत्र में इंडियन बैंक से जुड़े पांच खाताधारक कार्रवाई के दायरे में आए। संबंधित मामलों में थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1321/2026 एवं 1324/2026 और थाना खुर्सीपार के अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।जांच में सामने आया कि संबंधित खाताधारकों ने कथित रूप से आर्थिक लाभ के लालच में अपनी बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड दूसरे व्यक्तियों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने और आगे दूसरे खातों में भेजने के लिए किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
ये हैं कार्रवाई के दायरे में आए खाताधारक
थाना सुपेला क्षेत्र:
1.शुभम चौधरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, नंदिनी रोड, छावनी।
2.गुरमीत कौर, निवासी कृपाल नगर, कोहका।
थाना खुर्सीपार क्षेत्र:
3. तरुण नायक, उम्र 40 वर्ष, निवासी जोन-1, खुर्सीपार। 4. निखिल नेताम, उम्र 22 वर्ष, निवासी एसटीएफ कॉलोनी, बघेरा। 5. यसमीत सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी शिवाजी नगर, खुर्सीपार। 6. गौरव साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी शंकर नगर, सद्भावना चौक। 7. नरगिस, निवासी मछली मार्केट, जोन-2, खुर्सीपार।