गंजपारा दुर्गा उत्सव में अंजोर लोक कला मंच की जस गीतों की प्रस्तुति पर झूमे श्रद्धालु

गंजपारा दुर्गा उत्सव में अंजोर लोक कला मंच की जस गीतों की प्रस्तुति पर झूमे श्रद्धालु

दुर्ग/पुरानी गंज मंडी, गंजपारा स्थित गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में 59वें शारदेय नवरात्र पर्व के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में अंजोर लोक कला मंच की कलाकार स्वर्णा दिवाकर एवं गरिमा दिवाकर ने छत्तीसगढ़ी लोककला और जस गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। माता के जस गीतों, जवारा, भोलेनाथ के विवाह प्रसंग, भजनों और आकर्षक झांकियों के माध्यम से कलाकारों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्त गीतों की धुन पर झूमते और नाचते नजर आए।
समिति द्वारा विगत 58 वर्षों से धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए नवरात्र पर्व पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष भी मां जगदम्बा की प्रतिमा और मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर निगम दुर्ग की महापौर अल्का बाघमारा, कार्यक्रम अध्यक्ष श्याम शर्मा तथा अतिथियों पार्षद प्रतिभा सुरेश गुप्ता एवं कुलेश्वर साहू सहित समिति के संरक्षक किशोर जैन, अध्यक्ष रवि पिड़ियार, कार्यकारी अध्यक्ष अमित यादव और कोषाध्यक्ष जितेंद्र राठी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। स्वागत भाषण कार्यकारी अध्यक्ष अमित यादव ने दिया।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, संरक्षक संतोष रूंगटा, कृष्ण कुमार दुबे, चतुर्भुज राठी, नवल अग्रवाल, शैलेफ तिवारी एवं लक्ष्मण सिन्हा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समिति द्वारा श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए इसी प्रांगण में 16 अक्टूबर को विवेक शर्मा स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन मनोज शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन जितेंद्र राठी ने किया।