सात महीने से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा

सात महीने से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा

भिलाई/ हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब सात महीने से फरार चल रहे आरोपी को चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था, लेकिन लगातार तकनीकी और मैदानी प्रयासों के बाद पुलिस उसे पकड़ने में सफल रही।पुलिस के अनुसार यह मामला 9 जनवरी 2026 का है। साकेत नगर, कोहका निवासी ऋतिक प्रसाद गुप्ता (22) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात अपने मित्र के पीजी से पढ़ाई कर घर लौटते समय पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।शिकायत के मुताबिक सोनू यादव, अमन साव, ऋषभ तिवारी और प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार ने पहले गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों, डंडों और हाथ में पहने कड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।घटना के बाद चौकी स्मृतिनगर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले में अन्य आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ फरार आरोपी प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार की लगातार तलाश जारी थी।स्मृतिनगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपी प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार (25) मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले का निवासी है और वर्तमान में कोहका स्थित अवंति बाई चौक के पास रह रहा था।